कपकोट। विकासखंड के पोथिंग गांव में युवा कल्याण विभाग के खेल मैदान निर्माण कार्य के दौरान कथित लापरवाही से राजकीय हाईस्कूल पोथिंग का भवन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पेयजल योजना की टंकी भी टूट गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और उन्होंने दोषी अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।
गुरुवार को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट, जिला महामंत्री भूपेश गाड़िया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े किए।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान न तो अवर अभियंता, न ही सहायक अभियंता और न ही कार्यदायी संस्था के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद थे, जिसके चलते कार्य मनमाने ढंग से किया गया। उन्होंने कहा कि विभागीय लापरवाही और निर्माण कार्य में अनदेखी के कारण विद्यालय भवन और पेयजल योजना की टंकी को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने मांग की कि विद्यालय भवन और पेयजल योजना को हुए नुकसान की भरपाई संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था से कराई जाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्रवासी व्यापक जनआंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की तत्काल मरम्मत कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।








