मायके पक्ष ने निष्पक्ष जांच की मांग की, पुलिस बोली- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
बागेश्वर, संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के डोबा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन से सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया। मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, डोबा निवासी 26 वर्षीय ज्योति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतका के पिता ईड़ा घिंघारतोला निवासी कुशाल सिंह रौतेला ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2019 में हुई थी। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। पिता के अनुसार, इससे पहले भी मारपीट से जुड़े दो मामले कोतवाली बागेश्वर तक पहुंचे थे। उस समय समझौता होने के बाद मामला शांत हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अब उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है और पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्रभारी कोतवाल निर्मला पटवाल ने बताया कि मामले में अभी तक किसी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल विवाहिता की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।







