डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग लिंक और बैंकिंग धोखाधड़ी को लेकर किया जागरूक, महिलाओं-बालिकाओं को दी गौरा शक्ति ऐप की जानकारी
बागेश्वर। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बागेश्वर पुलिस की ओर से जिलेभर में ‘साइबर जागरूकता 2.0’ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देश पर स्कूलों, कॉलेजों, नगर-कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में कोतवाली बैजनाथ और कोतवाली कौसानी की पुलिस टीमों ने स्थानीय स्कूलों में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। वहीं, कोतवाली बागेश्वर और थाना काण्डा की पुलिस ने आमजन को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, क्यूआर कोड स्कैनिंग और बैंकिंग धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि साइबर अपराधी अलग-अलग हथकंडे अपनाकर उनकी मेहनत की कमाई ठग सकते हैं। पुलिस ने अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, संदेश या लिंक पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और अपना ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी तथा बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने-धमकाने और पैसे की मांग करने वाले साइबर अपराधियों से सतर्क रहने की भी अपील की। साथ ही बताया कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत करें।
महिलाओं-बालिकाओं को दी गौरा शक्ति ऐप की जानकारी
महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रमों में शामिल महिलाओं और बालिकाओं को उत्तराखंड पुलिस के आधिकारिक ‘गौरा शक्ति ऐप’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने ऐप डाउनलोड करने, पंजीकरण करने और आपातकालीन स्थिति में पैनिक बटन (SOS) का उपयोग करने की प्रक्रिया समझाई। इसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी सुविधाओं के प्रति जागरूक करना और जरूरत के समय पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
बागेश्वर पुलिस ने आमजन से साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने, अपनी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।







