बागेश्वर।
जिले के शामा क्षेत्र में चल रही शराब की दुकान को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। जिला पंचायत सदस्य विजया कोरंगा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 1 अप्रैल से पहले दुकान नहीं हटाई गई, तो वह अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी स्थिति में शराब की दुकान संचालित नहीं होने दी जाएगी। यह निर्णय केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। विजया कोरंगा ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि की मांगों को अनदेखा किया जा रहा है, तो आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान किस प्रकार हो रहा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो वह अपने पद से इस्तीफा देने के लिए भी तैयार हैं, लेकिन क्षेत्र में शराब की दुकान खुलने नहीं देंगी। वही इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में जनसमर्थन भी बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोग और सामाजिक संगठनों ने भी आंदोलन को समर्थन देने का ऐलान किया है। शामा में शराब की दुकान को लेकर बढ़ता विरोध अब आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। इसे पहले स्थानीय लोगों के द्वारा एक बृहद आंदोलन करते हुए शराब की दुकान में तालाबंदी की थी।








