logo

आंधी के बाद बागेश्वर में खतरा ही खतरा,जिला बार संघ ने अवैध होर्डिंग्स और कमजोर पेड़ों पर कार्रवाई की मांग

खबर शेयर करें -

बागेश्वर में अचानक आए आंधी-तूफान ने नगर क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, वहीं सड़कों के किनारे और दुकानों के बाहर लगे फ्लेक्स, होर्डिंग्स और लोहे के फ्रेम उखड़कर सड़कों पर आ गिरे। इस घटना से राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को गंभीर खतरे का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर लोगों के चोटिल होने और संपत्ति को नुकसान पहुंचने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
इस मामले में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश रौतेला ने चिंता जताते हुए कहा कि नगर में कई विशालकाय पीपल के पेड़ गिरने की स्थिति में हैं, जो कभी भी बड़ा हादसा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्टेशन क्षेत्र में भी दो पेड़ खतरे की स्थिति में हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नगर में अधिकांश विज्ञापन फ्लेक्स और होर्डिंग्स असुरक्षित एवं अस्थायी तरीके से लगाए जाते हैं, जो तेज हवा या प्राकृतिक आपदा के दौरान जानलेवा साबित हो सकते हैं। ऐसे में इनकी जवाबदेही तय करना बेहद जरूरी है। राजेश रौतेला ने मांग की है कि नगर क्षेत्र में लगाए जाने वाले सभी होर्डिंग्स और फ्लेक्स के लिए लाइसेंस अनिवार्य किया जाए और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने विशेष अभियान चलाकर सभी असुरक्षित, जर्जर और बिना अनुमति लगे फ्लेक्स व होर्डिंग्स को हटाने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से यह भी अपील कि लापरवाही बरतने वाले व्यक्तियों, एजेंसियों और संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। इस दौरान पंकज धपोला,धीरेंद्र परिहार, अनिल भाकुनी,मनोज जोशी आदि मौजूद।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  पालड़ीछीना-जैनकरास-कंगाड़छीना मोटर मार्ग की मांग को लेकर आंदोलन तेज,भूतपूर्व सैनिक संगठन ने दिया समर्थन
Ad
Share on whatsapp