बागेश्वर। कपकोट विकासखंड के अंतर्गत बदियाकोट बोरबलड़ा स्थित भूतकाखेत में विकास कार्यों में भारी लापरवाही और सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्र के ग्रामीणों ने स्थानीय ठेकेदार और कार्यदाई संस्था पर घटिया निर्माण का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों के अनुसार, विधायक कपकोट की संस्तुति पर उनके घरों तक पहुंचने के लिए 500 मीटर लंबे पैदल मार्ग के निर्माण हेतु 15.37 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी। इस योजना के निर्माण की जिम्मेदारी उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड, हल्द्वानी को सौंपी गई थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार की लापरवाही और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल के कारण मार्ग निर्माण के कुछ समय बाद ही पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इससे न केवल सरकारी धन की बर्बादी हुई है, बल्कि ग्रामीणों की आवाजाही भी पहले से अधिक जोखिमपूर्ण हो गई है।
मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस सड़क से उन्हें राहत मिलने की उम्मीद थी, वह अब उनके लिए परेशानी का कारण बन गई है। उन्होंने निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले का संज्ञान लेते हुए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सुभाष चंद्र लोहनी ने बताया कि कार्यदाई संस्था के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पूरे निर्माण कार्य की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
विरोध प्रदर्शन के दौरान सरूली देवी, खिलापा देवी, दीपक राम, पुष्कर राम, दुर्गा राम और चंपा देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।








