बागेश्वर । नगर पालिका क्षेत्र के सैम मंदिर वार्ड में दो गुलदारों का जोड़ा देखे जाने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि दोनों गुलदार देर शाम वार्ड की गलियों में घूमते नजर आए, जिसके बाद स्थानीय लोगों में भय व्याप्त हो गया।स्थानीय लोगों ने बताया कि गुलदारों की मौजूदगी की सूचना तेजी से पूरे क्षेत्र में फैल गई। जैसे ही खबर फैली, व्यापारियों और अन्य लोगों के परिजनों ने उन्हें फोन कर जल्द घर लौटने को कहा। देर रात तक दुकानें बंद कर घर लौटने वाले व्यापारियों में खासा डर देखने को मिला। बता दे कि जिले में पिछले कुछ समय से गुलदार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में तहसील रोड क्षेत्र में भी दो गुलदारों को देखे जाने की सूचना मिली थी, जिससे लोगों में पहले से ही भय का माहौल बना हुआ था। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदारों को आबादी से दूर करने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। वही वन क्षेत्राधिकारी केवलानंद पांडे ने बताया कि विभाग द्वारा क्षेत्र में नियमित गश्त की जाएगी और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सैम मंदिर वार्ड में ट्रैप कैमरे भी लगाए जाएंगे, ताकि गुलदारों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे रात के समय अकेले बाहर न निकलें, बच्चों को सुरक्षित रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।








