logo

दिनदहाड़े सेरे में घुसा जंगली सुअरों का झुंड, जान बचाकर भागीं महिलाएं

खबर शेयर करें -

बागेश्वर गरुड़। विकासखंड गरुड़ की ग्राम पंचायत मन्यूड़ा में जंगली सुअरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को ग्राम पंचायत के सेगाड़ सेरे में दिनदहाड़े जंगली सुअरों का झुंड घुस आने से अफरातफरी मच गई। खेतों में रोपाई कार्य कर रही महिलाओं ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
ग्रामीणों के अनुसार मन्यूड़ा क्षेत्र में जंगली सुअर लगातार खेतों और आबादी वाले इलाकों तक पहुंच रहे हैं। सुअरों द्वारा खेतों को खोदकर फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। रविवार को सेगाड़ सेरे में अचानक सुअरों का झुंड पहुंचने से खेतों में काम कर रही महिलाएं भयभीत हो गईं और काम छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागीं।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश खुल्बे ने बताया कि जंगली सुअरों के बढ़ते आतंक से ग्रामीणों में भय का माहौल है। खासकर महिलाएं खेतों में काम करने से डरने लगी हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है।
ग्रामीण महिलाओं तारा देवी, कमला देवी, पुष्पा देवी, भावना देवी और नंदी देवी ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, खेतों के चारों ओर तारबाड़ लगाने तथा जंगली सुअरों के आतंक से स्थायी राहत दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवरों के बढ़ते खतरे के कारण खेती-किसानी प्रभावित हो रही है और लोगों की सुरक्षा भी दांव पर लगी हुई है। उन्होंने वन विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

Share on whatsapp