बागेश्वर: जिला ताइक्वांडो एवं पारा ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में जनपद के खिलाड़ी राज्यस्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए शुक्रवार को काशीपुर रवाना हुए। प्रतियोगिता में जिले से कुल 33 खिलाड़ी, जिनमें 23 बालक एवं 10 बालिकाएं शामिल हैं, प्रतिभाग करेंगे। बता दे कि सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग की राज्यस्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता काशीपुर में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ी विभिन्न भार वर्गों में अपना दमखम दिखाएंगे।खिलाड़ियों के साथ कोच किशोर कुमार एवं सुमन नेगी भी मौजूद हैं, जो खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। रवाना होने से पूर्व जिला ताइक्वांडो एवं पारा ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण ने खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर काशीपुर के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करें। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। वहीं खिलाड़ियों में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।








