बागेश्वर। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला मुख्यालय स्थित ब्लॉक सभागार में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को स्वावलंबन, स्थानीय उद्यमिता, सरकारी योजनाओं और सामाजिक नेतृत्व से जोड़ना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या,कार्यक्रम संयोजक दीपा आर्या,भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गड़िया तथा मुख्य वक्ता बसंती देव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता, कौशल विकास, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों के संवर्धन को आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला बताया। मुख्य वक्ता बसंती देव ने कहा कि पर्वतीय महिलाओं की मेहनत, त्याग और सामुदायिक नेतृत्व क्षमता उल्लेखनीय है, और उन्हें आर्थिक व सामाजिक अवसरों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गड़िया ने विभिन्न सरकारी योजनाओं, विशेषकर महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली पहलों पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम संयोजक दीपा आर्या ने बताया कि यह अभियान गांव-गांव तक महिलाओं को जागरूक करने और उन्हें संगठित करने का माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के अनुभव साझा किए गए, साथ ही स्वयं सहायता समूहों, पारंपरिक उत्पादों तथा स्थानीय बाजारों तक पहुंच बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। आयोजकों ने बताया कि अभियान के तहत आगामी दिनों में विभिन्न गांवों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलन का समापन आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महिलाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, जिला महामंत्री संजय परिहार, घनश्याम जोशी, हेमंत खेतवाल, नीमा धपोला, प्रेमा परिहार, जीवंती कांडपाल, नीमा दफौटी, भगवती धपोला, युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक घसयाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।








