बागेश्वर। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखण्ड देहरादून तथा जिलाधिकारी बागेश्वर से प्राप्त निर्देशों के क्रम में मानव स्वास्थ्य की दृष्टि से जनपद बागेश्वर में दुग्ध एवं दुग्ध पदार्थों की सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों का विक्रय कर रहे 08 खाद्य कारोबारकर्ताओं, दुग्ध अवशीतन केंद्र कमेडी, स्वायत्त सहकारिता के माध्यम से संचालित डेयरी इकाइयों, दुग्ध वाहनों तथा विभिन्न कंपनियों के पैक्ड दूध एवं दुग्ध पदार्थों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर पैक्ड दूध, दही तथा खुले दूध के कुल 05 नमूने संग्रहित किए गए।
संग्रहित सभी नमूनों को जांच हेतु राजकीय खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला, रूद्रपुर भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यदि जांच रिपोर्ट मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है, तो संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSA) 2006 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस निरीक्षण अभियान में अभिहित अधिकारी/खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह देव तथा जीवन धौनी सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में आमजन के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा आगे भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।








