logo

उक्रांद ने संगठन विस्तार पर दिया जोर, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का संकल्प दोहराया

खबर शेयर करें -

बागेश्वर (गरुड़) उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की ब्लॉक इकाई गरुड़ की एक महत्वपूर्ण बैठक पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती और विस्तार पर विशेष चर्चा की गई। बैठक में हर बूथ को मजबूत करने और अधिक से अधिक नए सदस्यों को संगठन से जोड़ने का संकल्प लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए उक्रांद की सलाहकार समिति के सदस्य भुवन कांडपाल ने कहा कि जब तक गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी घोषित नहीं किया जाता, तब तक पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्य की मूल भावना तभी साकार हो सकती है, जब राजधानी गैरसैंण बने। भुवन कांडपाल ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दलों की नीतियों से प्रदेश की जनता त्रस्त हो चुकी है। प्रदेश में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है, जिसका सीधा असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है। बैठक में संगठन विस्तार, नई सदस्यता अभियान, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष पूजा मेहरा, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष भास्कर बोरा, पूर्व जिलाध्यक्ष नवीन पाण्डे, सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गोविन्द ढढोला सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष गिरीश कोरंगा ने की। उक्रांद नेताओं ने कहा कि पार्टी आने वाले समय में जनसमस्याओं को लेकर आंदोलनात्मक रुख अपनाएगी और गैरसैंण राजधानी के मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

Share on whatsapp