बागेश्वर : नशा मुक्त उत्तराखण्ड” अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में बागेश्वर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के कुशल नेतृत्व में जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान 1.400 किलोग्राम अवैध चरस के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग तीन लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी बागेश्वर श्री अजय साह के पर्यवेक्षण में एसओजी एवं कोतवाली बागेश्वर की संयुक्त टीम द्वारा 17 फरवरी को छाती काण्डा रोड स्थित नीलकंठ रेस्टोरेंट के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने दो अलग-अलग वाहनों को रोककर तलाशी ली।
पहले मामले में अभियुक्त नरेन्द्र सिंह कोरंगा (28 वर्ष) निवासी ग्राम चुचेर, थाना कपकोट, को मोटरसाइकिल संख्या UK03A 7511 (प्लैटिना) से 774 ग्राम अवैध चरस का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। दूसरे मामले में महेश सिंह मेहता (26 वर्ष) निवासी ग्राम चुचेर, थाना कपकोट, को वाहन संख्या UK02TA 2857 (ऑल्टो कार) से 626 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया गया।
दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध कोतवाली बागेश्वर में मुकदमा अपराध संख्या 09/26, धारा 08/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने चरस तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को भी सीज कर लिया है तथा आरोपितों के आपराधिक नेटवर्क की जांच प्रारंभ कर दी गई है।
सख्ती से चल रहा अभियान
पुलिस अधीक्षक श्री मेहरा ने स्पष्ट किया कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगी।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम
कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उ0नि0 मनोहर चंद (कोतवाली बागेश्वर), कानि. प्रेम राम (कोतवाली बागेश्वर), कानि. संतोष सिंह (एसओजी/ANTF), कानि. रमेश सिंह (एसओजी/ANTF), कानि. भुवन बोरा (एसओजी) तथा चालक कानि. राजेन्द्र कुमार (एसओजी) शामिल रहे।
जनपद में इस कार्रवाई को पुलिस की नशा विरोधी मुहिम के तहत एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की तत्परता और सक्रियता की सराहना की है।








