logo

स्वतंत्रता सेनानी प्रवींद्र सिंह कालाकोटी की पुण्य स्मृति पर श्रद्धांजलि, बालिकाओं को वितरित की सामग्री

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: पुंगरघाटी विकास मंच द्वारा नीलेश्वर धाम स्थित वृद्ध आश्रम एवं आवासीय विद्यालय में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय प्रवींद्र सिंह कालाकोटी की 22वीं पुण्य स्मृति पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की बालिकाओं को फल, अंगवस्त्र तथा पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई। वक्ताओं ने स्वर्गीय कालाकोटी के जीवन और उनके संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रसेवा को सर्वोपरि रखा।
बताया गया कि स्वर्गीय प्रवींद्र सिंह कालाकोटी और उनके भाई स्वर्गीय प्रताप सिंह ने वर्ष 1947 के असहयोग आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। महात्मा गांधी के आह्वान से प्रेरित होकर दोनों भाइयों ने अपने बीमार पिता को घर पर छोड़ते हुए पैदल ही आंदोलन में भाग लिया। इस दौरान अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर अल्मोड़ा जेल में बंद कर दिया।
वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उन्होंने समाज और राष्ट्रहित में बिना किसी सुविधा के कार्य किया। यहां तक कि उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी पेंशन तक स्वीकार नहीं की। अभावों में जीवन यापन करने के बावजूद उनका राष्ट्र और भारत माता के प्रति योगदान अतुलनीय रहा।
कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट राजेश रौतेला, वृक्ष प्रेमी किशन मलड़ा, मोहनी कोरंगा, कैलाश कोरंगा, नरेंद्र चौहान, राजू रौतेला, हंसी रौतेला, विपुल जोशी, महंत सुंदरगिरी महाराज, हरीश कालाकोटी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  युवा खेल महोत्सव और संवाद कार्यक्रमों से युवाओं को जोड़ेगा भाजयुमो, हर बूथ पर तैयार होंगे 20 युवा कार्यकर्ता
Ad
Share on whatsapp