logo

पहाड़ की बेटियां लिख रहीं आत्मनिर्भरता की नई कहानी, कत्यूरीघाटी FPO ने किया 30 लाख रुपये तक का कारोबार

खबर शेयर करें -

काला-लाल चावल, भांग के बीज और काले सोयाबीन को बाजार से जोड़कर महिलाओं ने खड़े किए आजीविका के नए अवसर, कत्यूरीघाटी CLF की वार्षिक आम सभा में महिला उद्यमिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर हुआ मंथन

बागेश्वर। पहाड़ की महिलाएं अब केवल खेती और घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपने पारंपरिक उत्पादों को कारोबार से जोड़कर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। सामूहिक प्रयासों और बेहतर विपणन व्यवस्था के जरिए बागेश्वर की कत्यूरीघाटी की महिलाएं स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचा रही हैं। इसका उदाहरण कत्यूरीघाटी फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन (FPO) है, जिसके माध्यम से अब तक करीब 24 से 30 लाख रुपये तक का कारोबार किया जा चुका है। काला चावल, लाल चावल, भांग के बीज और काला सोयाबीन जैसे पारंपरिक उत्पाद इस पहल की पहचान बन रहे हैं।

कत्यूरीघाटी क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) की वार्षिक आम सभा का आयोजन ब्लॉक सभागार बागेश्वर में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कत्यूरीघाटी FPO की अध्यक्ष मुन्नी पांडेय ने की। मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार रहे। इस दौरान DDO, DPM REAP, FPO की CEO बबीता जोशी, रीप के प्रबंधक आरिफ खान और समूह से जुड़ी महिला दीपा बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें 👉  दो सूत्रीय मांगों को लेकर पीआरडी जवानों का अनिश्चितकालीन धरना जारी

आम सभा में CLF के 25 बोर्ड सदस्यों समेत करीब 80 से 90 लोगों ने प्रतिभाग किया। बैठक में संगठन की वार्षिक गतिविधियों, वित्तीय प्रगति, महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों और आजीविका संवर्धन से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान स्थानीय उत्पादों के उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और कारोबार को आगे बढ़ाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ।

स्थानीय उत्पादों से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था : नरेश कुमार

मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक उत्पादों को आजीविका का मजबूत माध्यम बनाया जा सकता है। महिला स्वयं सहायता समूहों और FPO के सामूहिक प्रयासों से उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के साथ ही ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी भी बढ़ रही है। उन्होंने महिलाओं को इन गतिविधियों का विस्तार करने और स्थानीय उत्पादों की बेहतर पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर के नए एसपी डॉ. जगदीश चन्द्र ने संभाली कमान, नशे और साइबर अपराध पर सख्ती के निर्देश

महिला समूहों को उद्यम से जोड़ना जरूरी : आरिफ खान

रीप के प्रबंधक आरिफ खान ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को केवल बचत और ऋण तक सीमित रखने के बजाय उन्हें व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। स्थानीय उत्पादों का संगठित उत्पादन, बेहतर गुणवत्ता, पैकेजिंग और विपणन महिलाओं की आय बढ़ाने के महत्वपूर्ण माध्यम बन सकते हैं। कत्यूरीघाटी FPO के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने की पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

स्थानीय उत्पादों से महिलाओं को मिल रही पहचान : दीपा बिष्ट

समूह से जुड़ी महिला दीपा बिष्ट ने कहा कि स्थानीय उत्पादों के कारोबार से महिलाओं को गांव में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। समूह के माध्यम से महिलाएं एक साथ काम कर रही हैं और अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं। इससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ने के साथ आर्थिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर भी मिल रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  डायट बागेश्वर में 52 नवनियुक्त शिक्षकों के इंडक्शन प्रशिक्षण का शुभारंभ

ब्रांडिंग और बाजार पर रहेगा जोर

आम सभा में स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग, गुणवत्ता सुधार, पैकेजिंग और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पहाड़ के पारंपरिक उत्पादों की अपनी अलग पहचान है। जरूरत है कि उन्हें संगठित तरीके से बाजार तक पहुंचाया जाए। इससे उत्पादकों को उचित मूल्य मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

कत्यूरीघाटी CLF और FPO की पहल से यह बात सामने आई है कि यदि स्थानीय संसाधनों को सही दिशा, बाजार और संस्थागत सहयोग मिले तो पहाड़ की महिलाएं गांव में रहकर भी सफल उद्यम खड़े कर सकती हैं। स्थानीय उत्पादों के कारोबार से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम अब ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई पहचान देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Share on whatsapp