logo

कपकोट में जंगली सुअर का आतंक, 13 वर्षीय किशोर पर हमला, ग्रामीणों में दहशत

खबर शेयर करें -

बागेश्वर।
जनपद के कपकोट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मल्लादेश (फरसाली) में जंगली सुअर के हमले से एक 13 वर्षीय किशोर घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आनंद गिरि (13 वर्ष), पुत्र देवेन्द्र गिरी, पर शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे उसके घर के आंगन के पास ही जंगली सुअर ने अचानक हमला कर दिया। हमले में किशोर के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने तत्काल घायल बालक को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट पहुंचाया, जहां डॉक्टर डॉ. प्रतीक द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली सुअरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। वन विभाग के फॉरेस्टर प्रताप सिंह ऐठानी ने बताया कि विभागीय टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायल बालक का हाल जाना और घटनास्थल का निरीक्षण भी किया है। मुआवजे के लिए आवेदन प्राप्त हो गया है, जिस पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में गश्त के लिए टीम भेजी गई है। साथ ही ग्रामीणों को जानकारी दी गई है कि वे आवेदन कर जंगली सुअरों से निजात पाने के लिए विभाग से आवश्यक अनुमति प्राप्त कर सकते हैं। इस घटना ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल से गौलापार शिफ्ट होगा हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को दिए सख्त निर्देश
Ad
Share on whatsapp