बागेश्वर।
जनपद बागेश्वर में एलपीजी गैस आपूर्ति की समस्या को लेकर छात्र-छात्राओं ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि गैस आपूर्ति में आ रही दिक्कतों के कारण उनके दैनिक जीवन के साथ-साथ पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
छात्रों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि वे बीडीपी कैंपस स्थित बापू जगजीवन राम पुरुष छात्रावास सहित नगर के विभिन्न स्थानों में रह रहे हैं। पिछले कुछ सप्ताह से एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित चल रही है, जिसके चलते गैस सिलेंडर का वितरण केवल ग्रामीण क्षेत्रों में बुकिंग के आधार पर किया जा रहा है।
शहर में रह रहे छात्रों को हो रही परेशानी
छात्रों का कहना है कि वे अलग-अलग स्थानों पर किराए के कमरों और छात्रावासों में रहते हैं, लेकिन गैस कनेक्शन उनके ग्रामीण क्षेत्रों में पंजीकृत हैं। ऐसे में उन्हें गैस सिलेंडर लेने के लिए अपने गांव जाना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की हानि हो रही है।
उन्होंने बताया कि कई छात्रों के पास स्थानीय स्तर पर गैस बुकिंग की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, जिससे भोजन बनाने में भी दिक्कतें आ रही हैं।
शिक्षा पर पड़ रहा असर
छात्र-छात्राओं ने कहा कि गैस की समस्या के कारण उन्हें रोजमर्रा के कार्यों में अतिरिक्त समय लगाना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।
छात्र नेताओं ने उठाई आवाज
प्रदर्शन में छात्रसंघ महासचिव ललित कुमार, छात्रावास अध्यक्ष अरुण कुमार, कविन्द्र प्रसाद, ललित कुमार और सूरज कुमार सहित कई छात्र मौजूद रहे।
समाधान की मांग
छात्रों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि
शहरी क्षेत्र में रह रहे छात्रों के लिए विशेष व्यवस्था की जाए,
छात्रावासों और किराएदार छात्रों को स्थानीय स्तर पर गैस उपलब्ध कराई जाए, आपूर्ति व्यवस्था को जल्द सुचारु किया जाए। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।








