logo

फुलवाड़ी सड़क आंदोलन को वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण न्यास का समर्थन, आमरण अनशन की चेतावनी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। फुलवाड़ी-फूलचौरा-खाईधार-थलीधार सड़क निर्माण की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन शुक्रवार को 15वें दिन भी जारी रहा। सांकेतिक क्रमिक अनशन के तहत मालती देवी और बबीता देवी अनशन पर बैठीं। आंदोलन स्थल पर पहुंचे वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण न्यास बागेश्वर के पदाधिकारियों ने सड़क संघर्ष समिति को अपना पूर्ण समर्थन दिया।
न्यास के अध्यक्ष दलीप सिंह खेतवाल ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार धार्मिक स्थलों के लिए करोड़ों रुपये जारी कर रही है, वहीं महज पांच किलोमीटर सड़क के लिए बजट उपलब्ध न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो वे स्वयं आंदोलन में उतरकर आमरण अनशन शुरू करेंगे।
न्यास के महामंत्री बाला दत्त तिवारी ने कहा कि सड़क की मांग को लेकर सोमवार को वरिष्ठ नागरिक मंच का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मुलाकात करेगा और ज्ञापन सौंपेगा।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष पूर्व कैप्टन रतन सिंह दानू ने कहा कि ग्रामीण अब आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सड़क निर्माण धरातल पर शुरू नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान न्यास के उपाध्यक्ष इंद्र सिंह परिहार, प्रवक्ता हरीश सोनी, केशवानंद जोशी सहित दानपुर सेवा समिति के पदाधिकारी, संघर्ष समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  काफलीगैर में महाविद्यालय की मांग को लेकर प्रदर्शन, 15 अगस्त तक शासनादेश जारी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
Ad
Share on whatsapp