बागेश्वर: विकसित भारत अभियान के तहत जनपद के घिरौली गांव में जी राम जी योजना को लेकर एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को योजना की विस्तृत जानकारी दी गई और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया गया। गोष्ठी में मुख्य रूप से मनरेगा के उप कार्यक्रम अधिकारी वी पी सिंह ने जी राम जी योजना को लेकर फैल रही विसंगतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना और लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। और बताया कि योजना को लेकर जो भी गलतफहमियां फैल रही हैं, वे निराधार हैं। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। सहायक खंड अधिकारी विपिन उपाध्याय ने भी ग्रामीणों को योजना की विशेषताओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जी राम जी योजना विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत ग्रामीणों को 125 दिनों के रोजगार का प्रावधान किया गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी। गोष्ठी में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने योजना को लेकर सवाल पूछे और अधिकारियों ने उनकी शंकाओं का समाधान किया। इस दौरान बी.बी जोशी,हरेंद्र बिष्ट,हिमांशु, विशाल नेगी आदि मौजूद रहे।








