बागेश्वर : पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में मंगलवार को शिक्षक-अभिभावक समिति (PTA) एवं विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के गठन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों, परीक्षा परिणामों और छात्रवृत्ति वितरण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में शिक्षक-अभिभावक समिति के गठन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई, जिसमें हेमा देवी को अध्यक्ष तथा प्रधानाचार्य दीप चंद्र जोशी को उपाध्यक्ष चुना गया। समिति के सदस्य के रूप में प्रेमा देवी, कविता देवी, रंजना गढ़िया, रेखा देवी, नीमा वर्मा और बीना देवी का चयन किया गया।
वहीं विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन में बबीता देवी को अध्यक्ष निर्वाचित किया गया, जबकि उपाध्यक्ष एवं सचिव की जिम्मेदारी प्रधानाचार्य दीप चंद्र जोशी को सौंपी गई। शिक्षक सदस्यों में सुरेश राम, जितेंद्र वर्मा, चंपा बोरा और मनोज असवाल को शामिल किया गया।
बैठक के दौरान विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने, परीक्षा परिणामों में सुधार और छात्र-छात्राओं को मिलने वाली छात्रवृत्तियों के प्रभावी वितरण पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय को छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रवक्ता संजय कुमार टम्टा ने किया। विद्यालय प्रशासन ने नवगठित समितियों से विद्यालय विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।








