logo

पिंडारी ट्रैक से लापता पर्यटक की तलाश जारी, ड्रोन से भी चलाया जा रहा सर्च अभियान

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक से लौटते समय लापता हुए पर्यटक की तलाश लगातार दूसरे दिन भी जारी है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर सर्विस, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम दुर्गम क्षेत्रों में सर्च अभियान चला रही है। ड्रोन की मदद से भी इलाके की निगरानी की जा रही है, लेकिन अभी तक पर्यटक का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से सहारनपुर निवासी अभिषेक चौहान 28 वर्ष पुत्र रघुनाथ चौहान वर्तमान में गुजरात में रहते हैं, जबकि उनका परिवार नोएडा में निवास करता है। अभिषेक 28 मई को गाइड आनंद राम के साथ पिंडारी ट्रैक पर खाती से द्वाली की ओर गए थे। 29 मई को वापस लौटते समय मलियाधोड़ के पास वह कुछ देर रुक गए और गाइड को आगे जाने के लिए कहा। काफी देर तक अभिषेक के नहीं पहुंचने पर गाइड आनंद राम वापस उन्हें खोजने गया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। रात में खाती पहुंचने के बाद गाइड ने रेंजर डौली डोभाल को मामले की सूचना दी। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की। पुलिस उपाधीक्षक अजय साह ने बताया कि 112 के माध्यम से पर्यटक के लापता होने की सूचना मिली थी। मामले की जानकारी उनके परिजनों को भी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि सर्च ऑपरेशन में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर सर्विस और पुलिस की संयुक्त टीम जुटी हुई है। कठिन भूभाग को देखते हुए ड्रोन कैमरे की सहायता से भी खोज अभियान चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि लापता पर्यटक का कैमरा बरामद हो चुका है, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों की मदद से भी आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाश की जा रही है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  सैम मंदिर वार्ड में भारी बारिश से रास्ते की दीवार टूटी, सभासद विजय मटियानी ने खुद हटवाया मलबा
Ad Ad
Share on whatsapp