नैनीताल : खैरना पुल के पास गहरी खाई में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को खाई से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, SDRF पोस्ट खैरना को DCR नैनीताल के माध्यम से सूचना मिली कि खैरना पुल के नीचे की ओर एक शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही SDRF टीम अपर उप निरीक्षक सुंदर बोरा के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर अभियान में शामिल हो गई।
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद SDRF और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया गया। करीब 50 मीटर गहरी खाई में स्थित दुर्गम स्थान तक पहुंच बनाते हुए टीम ने काफी मशक्कत के बाद एक अज्ञात पुरुष के शव को बरामद किया।
रेस्क्यू टीम ने अत्यंत सावधानी और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए शव को सुरक्षित रूप से सड़क तक पहुंचाया, जिसके बाद उसे जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
शिनाख्त के प्रयास जारी
पुलिस के अनुसार, शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मृतक की पहचान कर घटना के कारणों का पता लगाया जा सके








