logo

रिखाड़ी-बाछम मोटर मार्ग बंद, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण समेत कई लोग फंसे

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जिले में रिखाड़ी-बाछम मोटर मार्ग पर जैकुनी गांव के पास बुधवार दोपहर से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। मार्ग बंद होने से पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण समेत करीब एक दर्जन से अधिक लोग और चार वाहन रास्ते में फंसे हुए हैं।
बताया जा रहा है कि खरकिया से करीब तीन किलोमीटर आगे खाती की ओर जाने वाला यह मार्ग पहले से ही आपदा के कारण आंशिक रूप से बाधित था। बुधवार दोपहर के बाद स्थिति और बिगड़ गई, जिससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई और आवाजाही ठप हो गई। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सड़क लंबे समय से खराब स्थिति में थी और इस पर सफर करना जोखिम भरा बना हुआ था। मार्ग बंद होने से खाती क्षेत्र की कनेक्टिविटी पूरी तरह प्रभावित हो गई है, जिससे लोगों को दैनिक कार्यों और आपात स्थिति में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने बताया कि पीएमजीएसवाई द्वारा मैनुअल तरीके से सड़क मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। मौके पर भारी मशीनरी, जैसे बुल्डोजर, उपलब्ध नहीं है, जिसके चलते मार्ग खोलने में देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को स्थिति की जानकारी दे दी गई है। वहीं पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता अंबरीश कुमार ने बताया कि मजदूरों को मौके पर लगाया गया है और सड़क पर गिरे मलबे व पत्थरों को हटाने का कार्य जारी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मार्ग खोलने और वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में आवागमन सुचारु हो सके।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  रवाईखाल-गरुड़ रोड पर गिरा विशाल चीड़ का पेड़, कार क्षतिग्रस्त,आधे घंटे बाद बहाल हुआ यातायात
Ad
Share on whatsapp