बागेश्वर में मानसून सीजन में आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए रेडक्रॉस सोसायटी बागेश्वर लगातार सक्रिय है। सोसायटी के स्वयंसेवी बारिश और आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों तक पहुंचकर राहत सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं। अब तक जिलेभर में 30 से अधिक परिवारों को राहत सामग्री वितरित की जा चुकी है। वही आज भी रेडक्रॉस सोसायटी की टीम ने फटगली और मेहनरबूंगा क्षेत्र में आपदा प्रभावित दो परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई। इस दौरान परिवारों को कंबल, तिरपाल, किचन सेट सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। सोसायटी के स्वयंसेवियों ने प्रभावित परिवारों से उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा राहत कार्यों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आपदा की दृष्टि से संवेदनशील कपकोट क्षेत्र में अब तक तीन स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 100 से अधिक लोगों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण ने कहा कि सोसायटी का मुख्य उद्देश्य मानवीय पीड़ा को कम करना है। मानसून के दौरान स्वयंसेवी सक्रिय होकर आपदा प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। जरूरतमंद परिवारों को समय पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वहीं सोसायटी के सचिव आलोक पांडे ने बताया कि अभी तक जिले में 30 से अधिक परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा चुकी है। इसके अलावा स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को लगातार जारी रखा जाएगा।








