बागेश्वर। जिले में रक्तदान को बढ़ावा देने और जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेडक्रॉस सोसाइटी ने ब्लड डायरेक्टरी अभियान की शुरुआत कर दी है। रेडक्रॉस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस पहल का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन रेडक्रॉस चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण, रक्तकोष समूह के चेयरमैन हरीश सोनी और प्रदेश प्रतिनिधि दीपक पाठक ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर ब्लड डायरेक्टरी के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।इस दौरान बताया गया कि एक रक्तदान से चार लोगों का जीवन बचाया जा सकता है, लेकिन वर्तमान में रक्त की आवश्यकता और उपलब्धता के बीच बड़ा अंतर बना हुआ है। इस अंतर को कम करने के लिए यह मुहिम एक सशक्त और सार्थक प्रयास साबित होगी। पहले चरण में 5 हजार रक्तदाताओं को इस डायरेक्टरी से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। रेडक्रॉस के सचिव आलोक पांडे ने जानकारी दी कि वर्ष 2021 में भी रक्त समूह डायरेक्टरी तैयार की गई थी, जिसे सराहना मिली थी। उन्होंने बताया कि समय के साथ कई लोग जनपद से बाहर चले गए हैं, ऐसे में इस नई पहल के माध्यम से नए रक्तदाताओं को जोड़ने के साथ युवाओं को प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न संस्थानों, बाजारों, कॉलेजों और विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे तथा लोगों के रक्त समूह का पंजीकरण बड़े स्तर पर किया जाएगा। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, हिमांशु जोशी, मोहिउद्दीन अहमद तिवारी, हिमांशु चौबे, अतीर असर तिवारी, किशन सिंह मालडा, रमेश प्रकाश पर्वतीय और वेद प्रकाश पांडे समेत कई लोग उपस्थित रहे।








