बागेश्वर : बागेश्वर में लगातार तेज हवा और अंधड़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए रेडक्रॉस सोसायटी लगातार राहत कार्यों में जुटी हुई है। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि संकट की घड़ी में उनकी परेशानियों को कम किया जा सके। जिले में मौसम की मार के बीच रेडक्रॉस सोसायटी की पहल प्रभावित परिवारों के लिए राहत का बड़ा सहारा बन रही है। रेडक्रॉस सोसायटी बागेश्वर के द्वारा अब तक 15 प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की जा चुकी है। राहत सामग्री में कंबल, तिरपाल, किचन सेट सहित अन्य जरूरी सामान शामिल हैं। यह सहायता खुलदौड़ी, ओख्याड़ी तोक, काफलिगैर, मंडलसेरा, अनरसा, झटकवाली, कांडा, कपकोट और गरुड़ क्षेत्र के प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई गई है। रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण ने बताया कि जिले में खराब मौसम और तेज अंधड़ से प्रभावित लोगों की सहायता प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब तक 15 परिवारों की मदद की जा चुकी है और लगातार मानवीय पीड़ा को कम करने के प्रयास जारी हैं। वहीं रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव आलोक पांडे ने बताया कि जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे के निर्देशन में सोसायटी लगातार आपदा प्रभावित परिवारों की मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरण का कार्य निरंतर जारी है, ताकि किसी भी जरूरतमंद परिवार को परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान कन्हैया वर्मा, दीपक खेतवाल, वेद प्रकाश पांडे, शोयब खान, हिमांशु चौबे आदि स्वयंसेवी मौजूद रहे।








