logo

अंक नहीं, सीखना है असली सफलता, वैज्ञानिक रौतेला ने छात्रों को किया प्रेरित

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : गंगा सिंह रौतेला ने आज पदम सिंह परिहार राजकीय इंटर कॉलेज, वज्यूला में छात्र-छात्राओं को विज्ञान और करियर के प्रति नई सोच दी। विद्यालय के पुरातन छात्र रहे रौतेला वर्तमान में यूकोस्ट की साइंस सिटी के एडवाइजर हैं तथा पूर्व में नेशनल काउंसिल ऑफ साइंस म्यूजियम के महानिदेशक भी रह चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की करियर काउंसलिंग करते हुए एक रोचक विज्ञान शो प्रस्तुत किया, जिसने छात्रों में वैज्ञानिक चेतना को नई ऊर्जा दी। कत्यूर फाउंडेशन के माध्यम से वे लगातार दुर्गम क्षेत्रों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद स्थापित कर रहे हैं और प्रदेश के अंतिम छोर तक वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास कर रहे हैं। विज्ञान शो में उन्होंने बर्नौली का प्रमेय, वायुदाब, जड़त्व आघूर्ण सहित कई विषयों पर प्रयोगों के माध्यम से समझाया। साथ ही मोमबत्ती में छिपे विज्ञान, डायपर के पीछे के सिद्धांत और धातु-अधातु के तापीय प्रभाव जैसे रोजमर्रा के उदाहरणों से विज्ञान को सरल और रोचक बनाया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रश्न पूछना ही ज्ञान का पहला कदम है। सफलता केवल अधिक अंक लाने में नहीं, बल्कि सीखने की प्रक्रिया में है। कम अंक पाने वाले विद्यार्थी भी जीवन में बड़ी उपलब्धियाँ हासिल कर सकते हैं। विद्यालय में करियर काउंसलिंग एवं गाइडेंस के प्रभारी, भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता आलोक पांडे ने बताया कि छात्रों के मार्गदर्शन के लिए समय-समय पर विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाता है। उन्होंने जानकारी दी कि भविष्य में प्रख्यात भौतिक वैज्ञानिक एच. सी. वर्मा को भी विद्यार्थियों से संवाद हेतु बुलाया जाएगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक आर्य ने कहा कि गंगा सिंह रौतेला संस्थान के गौरव हैं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर छात्र में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना आवश्यक है, जिसके लिए विद्यालय निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम में राजीव कुमार मिश्रा, मेघा कोरंगा, राजेश्वरी कार्की, चंदन सिंह नेगी, हेमंत कांडपाल, डॉ. विजय श्री पंत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया विधायक कार्यालय का घेराव, मुख्य मार्ग पर लगा जाम
Ad
Share on whatsapp