बागेश्वर: जिला पंचायत के गठन को आठ माह पूर्ण होने के बावजूद अब तक जिला नियोजन समिति का गठन नहीं होने पर जनप्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। जिला पंचायत सदस्य जेठाई गोपा धपोला ने इस पर कड़ी आपत्ति व्यक्त करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
यहां जारी बयान में धपोला ने कहा कि बिना सदस्यों के जिला योजना की बैठकें आयोजित किया जाना पूरी तरह से अलोकतांत्रिक तथा असंवैधानिक प्रतीत होता है। यह निर्वाचित सदस्यों के अधिकारों का हनन है और उनकी योजनाओं में हस्तक्षेप करने जैसा है। कहा कि पंचायती राज व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों को जो अधिकार दिए गए हैं, उनकी अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। इस प्रकार की कार्यप्रणाली लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है, जिसकी वह घोर निंदा करते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिना सदस्यों के ही जिला योजना की बैठकें आयोजित की जाती रहीं, तो वह मजबूर होकर प्रभारी मंत्री के विरोध के लिए बाध्य होंगे।








