बागेश्वर: जनपद के प्रधानों से विज्ञापन के नाम पर कथित अवैध वसूली और मानसिक उत्पीड़न का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्रधान संगठन के अध्यक्ष दीपक खेतवाल ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग उठाई है। दीपक खेतवाल की ओर से पुलिस अधीक्षक और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बागेश्वर को दिए गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि देहरादून का एक कथित न्यूज चैनल जो स्वयं को श्रेष्ठ न्यूज बता रहा है, बीते कुछ महीनों से जनपद के प्रधानों पर विज्ञापन भुगतान के नाम पर दबाव बना रहा है। आरोप है कि प्रधानों को फोन कर विज्ञापन के नाम पर धनराशि जमा करने के लिए कहा जा रहा है, जबकि संबंधित समाचार पत्र को विज्ञापन प्रकाशन की कोई अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि संबंधित संस्था से जुड़े पुरुष और महिला कर्मचारी प्रधानों को पुलिस कार्रवाई का भय दिखाकर भुगतान करने का दबाव बना रहे हैं। प्रधान संगठन ने इसे धोखाधड़ी, अवैध वसूली और मानसिक उत्पीड़न की श्रेणी में बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। प्रधान संगठन ने पुलिस प्रशासन से संबंधित समाचार पत्र के पंजीकरण की जांच कराने, संबंधित मोबाइल नंबरों की सर्विलांस जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि इस प्रकार की घटनाओं से प्रधानों के राजकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं और उनमें भय का माहौल बन रहा है।








