बागेश्वर: पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बागेश्वर में वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या शोभा आर्य ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी अत्यंत आवश्यक हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य, समूह गीत, नाटक एवं भाषण प्रस्तुत किए गए, जिनकी उपस्थितजनों ने सराहना की। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने सामाजिक संदेशों के साथ-साथ पहाड़ी संस्कृति को भी मंच पर जीवंत कर दिया। मुख्य अतिथि विशाखा खेतवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की बालिकाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय की मेधावी एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान दलीप सिंह खेतवाल, इंद्र सिंह परिहार, डॉ जितेंद्र तिवारी,किशन सिंह मलडा,रमेश पर्वतीय,पिंकी गोस्वामी,विद्या,मंजू होलरिया,नेहा जोशी, धर्मा कोटली,अंजू कालाकोटी,ममता वर्मा और सोनिया दानू आदि मौजूद रहे।








