logo

पुंडर घाटी विकास मंच एवं मां नंदा महोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजन, तकनीकी ज्ञान के सदुपयोग पर दिया जोर

खबर शेयर करें -

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में 20 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

बागेश्वर। पुंडर घाटी विकास मंच एवं मां नंदा महोत्सव समिति के तत्वावधान में क्षेत्र के प्राथमिक, जूनियर और सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के करीब 20 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी प्रवीण चंद्र गोस्वामी ने विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक, स्किल इंडिया और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के सदुपयोग की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बदलते दौर में तकनीकी ज्ञान के साथ उसका सही उपयोग करना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों से भी संवाद करते हुए कहा कि बच्चों के मन की स्थिति को समझना बेहद जरूरी है। अभिभावकों को बच्चों की रुचि और क्षमता को समझते हुए उनका मार्गदर्शन करना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए जाने के बाद सफल प्रतिभागियों को मां नंदा महोत्सव के समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र से जुड़े पदाधिकारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों का सम्मान एवं नागरिक अभिनंदन भी किया गया। इस अवसर पर परीक्षा प्रभारी डॉ. नंद सिंह, प्रकाश सिंह सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ता है।

Share on whatsapp