बागेश्वर/कपकोट। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी जनपद बागेश्वर संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक कपकोट विकासखंड सभागार में आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, सामाजिक सरोकारों और गांव स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक में विकासखंड परिसर में लाखों रुपये की लागत से बने स्वतंत्रता सेनानी स्मारक की वर्तमान स्थिति को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सेनानियों के सम्मान में बने स्मारक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को उचित स्थान नहीं दिया गया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन के अध्यक्ष कैप्टन धीरेंद्र पांडेय ने कहा कि स्मारक में स्वतंत्रता सेनानियों को पृष्ठभूमि में आधे-अधूरे तरीके से दर्शाया जाना उनके सम्मान के विपरीत है। उन्होंने इसे देश के महान सेनानियों का अपमान बताते हुए कहा कि यह कार्य द्वेष भावना से प्रेरित प्रतीत होता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस त्रुटि को तत्काल सुधारा जाए, अन्यथा संगठन को बड़े स्तर पर आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यसमिति का विस्तार भी किया गया। सर्वसम्मति से नंदाबल्लभ जोशी को कपकोट विकासखंड अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन क्षेत्र में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगा। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान और संघर्ष की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया।








