logo

हरेला लोकपर्व पर जौलकांडे में हुआ वृहद वृक्षारोपण, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर गुरुवार को बागेश्वर के हरेला वन, जौलकांडे में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जनपदवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति संरक्षण की भावना का प्रतीक हरेला पर्व हमें पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन और हरित उत्तराखंड के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है और प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान से जुड़ना चाहिए। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने भी सभी जनपदवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनपद में पर्यावरण संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गरुड़ गंगा परियोजना सहित विभिन्न पर्यावरणीय पहलों के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही जनमानस को निःशुल्क पौधे भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन आलोक पांडे ने किया। इस अवसर पर राज्य स्तरीय अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, उत्तराखंड जैविक उत्पाद परिषद के उपाध्यक्ष भूपेश उपाध्याय, विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गढ़िया, रेडक्रॉस चेयरमैन इन्द्र सिंह फर्स्वाण,नरेश उप्रेती ,दरबान बिष्ट, डॉ राजेंद्र परिहार, दलीप खेतवाल,वन क्षेत्राधिकारी श्याम सिंह करायत,सहित वन विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें 👉  कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे बागेश्वर के सागर थायत

ADVERTISEMENTS Ad
Share on whatsapp