बागेश्वर। एईसी विषय में अनुत्तीर्ण छात्रों के लिए बैक परीक्षा का विकल्प खोलने की मांग को लेकर एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने सोमवार को कैंपस में धरना-प्रदर्शन किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से पूर्व की परीक्षा व्यवस्था के तहत अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों को बैक परीक्षा का अवसर देने की मांग की।
सोमवार को संगठन से जुड़े छात्र कैंपस में एकत्र हुए और सभा कर अपनी मांग को लेकर आवाज उठाई। छात्रों का कहना है कि पिछले सत्र में एईसी विषय की परीक्षा में कई विद्यार्थी अनुत्तीर्ण हुए थे। उस समय विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से बैक परीक्षा कराने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि बाद में परीक्षा प्रणाली में बदलाव करते हुए असाइनमेंट व्यवस्था लागू कर दी गई।
छात्रों ने कहा कि हाल ही में जारी संशोधन में भी एईसी विषय में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए बैक परीक्षा का विकल्प नहीं दिया गया है। इससे उन छात्रों के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है, जिन्होंने पूर्व परीक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षा दी थी।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि पहले परीक्षा के आधार पर मूल्यांकन किया गया और बाद में असाइनमेंट व्यवस्था लागू कर दी गई। ऐसे में पुरानी व्यवस्था में अनुत्तीर्ण छात्रों को नई व्यवस्था में समायोजित नहीं किया जाना उनके भविष्य के साथ अन्याय है। छात्रों ने तत्काल बैक परीक्षा का विकल्प खोलने की मांग की।
मांग को लेकर छात्र धरने पर बैठ गए। बाद में कैंपस निदेशक डॉ. कमल किशोर ने छात्रों से वार्ता कर उनकी मांग पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्रों ने धरना समाप्त कर दिया।
इस दौरान नीरज जोशी, प्रेम दानू, सुशांत, पवन, लक्ष्मी, अक्षय, धीरू और संदीप समेत कई छात्र मौजूद रहे।







