logo

पिंडारी ट्रेक से लापता पर्यटक का 10वें दिन भी सुराग नहीं, परिजनों ने 10 लाख इनाम की घोषणा की

खबर शेयर करें -

कपकोट/बागेश्वर। विश्व प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक रूट से लापता पर्यटक अभिषेक चौहान का दसवें दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन के बावजूद सफलता हाथ न लगने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। बेटे की सुरक्षित तलाश के लिए परिवार ने अब 10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) अधिकारी और लापता पर्यटक के पिता रघुराज चौहान द्वारा कपकोट पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि उनका बेटा अभिषेक चौहान एक स्थानीय गाइड के साथ पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक पर गया था। 29 मई को गाइड के वापस लौटने पर सूचना मिली कि अभिषेक ढाली से नीचे आते समय रास्ते में अचानक लापता हो गया।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वन विभाग व स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने पिंडर नदी के किनारों, दुर्गम खाइयों और पहाड़ी क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि दस दिन बीतने के बाद भी अभिषेक का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
मंगलवार को अभिषेक के परिजनों ने कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया से मुलाकात कर बेटे की सुरक्षित खोजबीन की मांग की। विधायक ने परिवार को हरसंभव मदद और सर्च अभियान तेज करने का भरोसा दिया।
इस बीच, गहरे सदमे में डूबे परिवार ने भावुक अपील करते हुए घोषणा की है कि अभिषेक चौहान को सुरक्षित खोजने या उसके संबंध में सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। परिजनों ने प्रशासन से मामले की हर पहलू से गहन जांच करने की मांग भी की है।

Share on whatsapp