बागेश्वर।
राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय, बैजनाथ द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज कोलाग, विकासखंड गरुड़, जनपद बागेश्वर में एक बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर में प्रतिभाग किया गया। यह शिविर निदेशक, होम्योपैथिक स्वास्थ्य सेवाएं देहरादून डॉ. जे.एल. फिरमाल एवं जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी बागेश्वर डॉ. शिखा सम्मल के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में संपन्न हुआ।
शिविर में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. हेमलता गोस्वामी, फार्मासिस्ट श्री प्रमोद सेमवाल तथा बहुउद्देशीय कर्मी महेश वर्मा द्वारा कुल 51 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान मरीजों की रक्त जांच (शुगर एवं हीमोग्लोबिन) कराई गई तथा उन्हें नि:शुल्क होम्योपैथिक औषधियों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान योग अनुदेशक मुकेश चंद्र द्वारा प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया गया और योग के शारीरिक, मानसिक एवं दैनिक जीवन में लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं डॉ. हेमलता गोस्वामी ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार एवं रोगों से बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए। शिविर के दौरान समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। स्वास्थ्य शिविर में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए इसका लाभ उठाया।








