बागेश्वर। पुराने सरयू पुल और पुराने गोमती पुल की हेल्थ मॉनिटरिंग को देखते हुए प्रशासन ने 15 मई 2026 से भारी वाहनों और स्कूल बसों के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। यह व्यवस्था अग्रिम आदेश तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने दोनों पुराने पुलों पर भारी वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दी है।
जारी आदेश के अनुसार काण्डा रोड से ताकुला रोड जाने वाली स्कूल बसें और भारी वाहन अब चंडिका मंदिर रोड, समण मंदिर होते हुए ताकुला रोड से गुजरेंगे। वहीं कपकोट रोड से आने वाले सभी स्कूल बस और भारी वाहनों को मण्डलसेरा बाईपास, चंडिका मंदिर रोड और समण मंदिर मार्ग से भेजा जाएगा।
रात्रि के दौरान कपकोट रोड और बाजार क्षेत्र से ताकुला रोड जाने वाले भारी वाहनों के लिए स्टेशन रोड, द्यांगड, नदीगांव और विक्टर मोहन जोशी राजकीय इंटर कॉलेज तुनेरा रोड होकर वैकल्पिक मार्ग तय किया गया है। इसी प्रकार काण्डा रोड और गरुड़ रोड से आने वाले भारी वाहनों तथा स्कूल बसों को भी द्यांगड-नदी गांव मार्ग से होकर ताकुला रोड भेजा जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ताकुला रोड से आने वाले स्कूल बस और रात्रि में बाजार क्षेत्र पहुंचने वाले भारी वाहन पूर्व की भांति संचालित हो सकेंगे। साथ ही बाजार क्षेत्र में नो-एंट्री व्यवस्था पहले की तरह लागू रहेगी। स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग ने आम लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।








