logo

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर बैठक आयोजित

खबर शेयर करें -

बागेश्वर:
बागेश्वर में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों की समस्याओं के समाधान के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित प्रकरणों और मुद्दों की समीक्षा की गई तथा उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान पिछली बैठक के कार्यवृत्त के अनुपालन की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिन मामलों का निस्तारण अभी तक नहीं हो पाया है, उन्हें शीघ्रता से हल करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उसका श्रेय उन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवारों को जाता है जिन्होंने देश की आजादी के लिए अथक परिश्रम और बलिदान दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों से जुड़े मामलों का निस्तारण संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण करते हुए उसकी अनुपालन रिपोर्ट कलेक्ट्रेट में प्रस्तुत की जाए। बैठक के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों में संबंधित विभाग द्वारा कोई कार्रवाई की जाती है, उसकी सूचना लिखित रूप में संबंधित प्रार्थी को उपलब्ध कराई जाए और उसकी एक प्रति उन्हें अनिवार्य रूप से दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामलों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी समस्याओं का समाधान समयबद्ध तथा पारदर्शी ढंग से किया जाए।
बैठक के दौरान जिला पंचायतराज अधिकारी सुंदर लाल को भी निर्देशित किया गया कि शिलापट से जुड़े शेष लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करते हुए उसकी अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कुमार आदित्य तिवारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार आर्या, एसडीएम गरुड़ वैभव काण्डपाल, डीपीओ सुंदर लाल, ईई जल निगम वी.के. रवि, ईई जल संस्थान दलीप सिंह बिष्ट, ईई उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड मोहम्मद अफजल, ईई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना कपकोट अम्बरीष रावत, ईई लोक निर्माण विभाग कपकोट अमित कुमार पटेल, डीई भारत संचार निगम लिमिटेड आशीष निगम, एई जल संस्थान दीनदयाल, ईडीएम रोहित बहुगुणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया विधायक कार्यालय का घेराव, मुख्य मार्ग पर लगा जाम
Ad
Share on whatsapp