बागेश्वर में सरयू नदी में नहाने के दौरान एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना पगना स्थित सप्तेश्वर मंदिर के पास की है, जहां पूजा के लिए आए एक श्रद्धालु की नदी में डूबने से जान चली गई। मृतक की पहचान नंदन सिंह (40 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय गोविंद सिंह, निवासी डुटियाल गांव, तहसील ताकुला (जिला अल्मोड़ा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सप्तेश्वर मंदिर में पूजा के लिए आए थे। पूजा के बाद खाना खाने के उपरांत वह नदी में नहाने गए, जहां वह पत्थरों के बीच फंस गए और तेज बहाव में डूब गए। स्थानीय लोगों और अन्य श्रद्धालुओं ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन बागेश्वर की टीम प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दिनेश चंद्र पाठक के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। फायर रेस्क्यू यूनिट ने व्यक्ति को बाहर निकालकर स्ट्रेचर की सहायता से सड़क तक पहुंचाया और पुलिस के सुपुर्द किया। इसके बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।








