रुद्रप्रयाग: तुंगनाथ मंदिर-चोपता क्षेत्र में शाम को अचानक बदले मौसम ने दर्दनाक हादसे को जन्म दे दिया। तेज आँधी-तूफान के बीच आकाशीय बिजली गिरने से लखनऊ निवासी दो सगे भाइयों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सायंकाल तुंगनाथ धाम क्षेत्र में अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आँधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान कई पर्यटक खराब मौसम में फँस गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए डीडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया। रेस्क्यू टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव अभियान चलाया और दो गंभीर रूप से झुलसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर विभागीय वाहन से 108 एम्बुलेंस तक पहुँचाया। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ऊखीमठ भेजा गया। हादसे में लखनऊ निवासी सगे भाइयों अभिषेक वाजपेई और अभिनव वाजपेई, पुत्र सजीत वाजपेई, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, लखनऊ निवासी राजन मिश्रा तथा उन्नाव निवासी शुभम शुक्ला घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है। थाना प्रभारी ऊखीमठ मनोज नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तेज तूफान और अचानक बदले मौसम के कारण यह हादसा हुआ। मृतकों के शवों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेज दिया गया है। घटना के बाद तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा। प्रशासन ने यात्रियों और पर्यटकों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें और खराब मौसम के दौरान ऊँचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा से बचें।









