logo

मजदूर दिवस पर बागेश्वर में विधिक जागरूकता शिविर, श्रमिकों को बताए गए अधिकार और योजनाएं

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। श्रमिक हमारे समाज की नींव हैं इसी संदेश के साथ अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बागेश्वर द्वारा श्रम विभाग सभागार में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनीता कुमारी द्वारा किया गया। उन्होंने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रमिक हमारे समाज की नींव हैं और उनके अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए लागू कानूनी योजनाओं, विशेष रूप से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए कानूनी योजना 2015 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा शिविर में दहेज प्रथा, बाल विवाह, नशे के दुष्परिणाम, साइबर अपराध जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों पर भी जागरूक किया गया। प्रतिभागियों को नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, नालसा जागृति योजना, नालसा मानव-वन्यजीव संघर्ष योजना 2025 तथा नालसा वीर परिवार सहायता योजना 2025 की जानकारी भी दी गई।
इस दौरान श्रम विभाग बागेश्वर के प्रतिनिधि देवेन्द्र भोज ने श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। साथ ही श्रम विभाग की ओर से 7 श्रमिकों को श्रम कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में रिटेनर अधिवक्ता त्रिलोक चन्द्र जोशी ने श्रमिकों के अधिकारों, कानूनी सहायता और नालसा हेल्पलाइन के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान पीएलवी द्वारा श्रम कानूनों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को सरल और प्रभावी तरीके से जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया और अपने अधिकारों व सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक हुए। आयोजकों ने ऐसे कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखने की बात कही, ताकि श्रमिक वर्ग को सशक्त और जागरूक बनाया जा सके।

Share on whatsapp