logo

बसंत उत्सव में कपकोट के प्रगतिशील किसान दीपक सिंह गढ़िया सम्मानित

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जनपद के विकासखंड कपकोट की ग्राम सभा पोथिंग के प्रगतिशील किसान दीपक सिंह गढ़िया को देहरादून स्थित राजभवन देहरादून में आयोजित बसंत उत्सव के अवसर पर प्रदेश स्तरीय उत्कृष्ट कृषक का प्रथम पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) द्वारा दिया गया।
दीपक सिंह गढ़िया पिछले करीब 7–8 वर्षों से आधुनिक तकनीकों के माध्यम से खेती कर क्षेत्र में नई पहचान बना रहे हैं। उन्होंने पारंपरिक खेती के साथ-साथ सब्जी उत्पादन, पुष्प उत्पादन, औषधीय पौधों की खेती और मशरूम उत्पादन को अपनाकर कृषि को व्यावसायिक स्वरूप दिया है।
उन्होंने लगभग 4–5 वर्षों तक मशरूम उत्पादन कर सफल प्रयोग किए। इस दौरान उन्होंने मशरूम से अचार जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद भी तैयार किए, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय प्राप्त हुई। सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में वे टमाटर, बैंगन, शिमला मिर्च, फूलगोभी, बंदगोभी, ब्रोकली, मटर और मूली जैसी कई सब्जियों की खेती कर रहे हैं। कोविड काल के दौरान उन्होंने एशियाटिक और ओरिएंटल लिलियम फूलों की खेती की शुरुआत की। वर्तमान में वे जरबेरा फूल की व्यावसायिक खेती कर रहे हैं, जिससे वर्षभर फूलों का उत्पादन हो रहा है। उनके द्वारा उत्पादित फूल हल्द्वानी और दिल्ली के फूल बाजारों तक भेजे जाते हैं, जिससे उन्हें अच्छा आर्थिक लाभ प्राप्त हो रहा है। उद्यान विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए पॉलीहाउस तथा विभिन्न कृषि संस्थानों के तकनीकी मार्गदर्शन से उनकी खेती निरंतर प्रगति कर रही है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक बन रही है और किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित हो रहे हैं।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  नरगड़ा में 11 केवी लाइन का तार टूटा, पूरे क्षेत्र की बिजली गुल पांकड़ में पेड़ गिरने से हर्षिला फीडर भी हुआ ब्रेकडाउन, बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटा विभाग
Ad
Share on whatsapp