logo

झंकार वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने बिखेरी संस्कृति की रंगारंग छटा

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। पंडित बद्री दत्त पांडे महाविद्यालय परिसर बागेश्वर में झंकार वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभागीय वनाधिकारी प्रकाश आर्या, निदेशक डॉ. कमल जोशी और विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने लोकगीत, लोकनृत्य, समूह नृत्य, गायन सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुत किए गए लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। महाविद्यालय परिसर में दिनभर उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। इस अवसर पर निदेशक डॉ. कमल जोशी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए छात्र-छात्राओं और आयोजन समिति को बधाई दी। छात्र संघ अध्यक्ष सागर जोशी ने कहा कि झंकार वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं ने लंबे समय से कार्यक्रम की तैयारियां की थीं और सभी ने उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन और सभी सहयोगियों का आभार जताया। वहीं सांस्कृतिक सचिव दिया खेतवाल ने कहा कि वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को भी मंच पर प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी जड़ों और लोक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रस्तुतियों पर छात्र-छात्राओं ने जमकर तालियां बटोरीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और अन्य लोग मौजूद रहे।

Share on whatsapp