बागेश्वर। जनपद की सरयू घाटी में मौसम ने अचानक करवट ले ली। घाटी के सुमगढ़, सुंडिग, सलिंग, गांसी, रिखाड़ी, चौड़ा, सुपी, हरकोट, पैठी, झुनि और मिखिला गांवों में तेज बारिश के साथ कई स्थानों पर जबरदस्त ओलावृष्टि हुई।
सुंडिग, सलिंग और चौड़ा गांवों में दोपहर बाद हुई भारी ओलावृष्टि से खेत-खलिहानों को काफी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों के अनुसार ओले इतने अधिक गिरे कि खेतों में सफेद चादर सी बिछ गई, जिससे खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं। स्थानीय ग्रामीण कुंदन टाकुली, नंदन टाकुली, महिपाल सिंह और दुर्गा सिंह ने बताया कि दोपहर बाद अचानक मौसम खराब हुआ और तेज बारिश के साथ भारी ओले गिरने लगे, जिससे किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। फसलों को नुकसान, किसान चिंतित ओलावृष्टि के चलते गेहूं, सब्जियों और अन्य मौसमी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसान अपनी मेहनत पर पड़े इस असर से चिंतित हैं और प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। इस अचानक बदले मौसम ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।








