अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। तड़म गांव में एक बार फिर दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां गुलदार ने 55 वर्षीय महिपाल सिंह महरा को अपना शिकार बना लिया।
जानकारी के अनुसार, महिपाल सिंह महरा अपनी पत्नी के साथ खेत से घर लौट रहे थे। शाम करीब 5 बजे गांव के नजदीक ही गुलदार ने अचानक हमला कर दिया और उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी इलाके में गुलदार के हमले हो चुके हैं। लगातार बढ़ते हमलों के कारण लोग खेतों में जाने और शाम के बाद घर से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं। स्थानीय ग्राम प्रधान के अनुसार, घटना के काफी समय बाद तक भी वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि हर बार घटना के बाद सिर्फ मुआवजे की घोषणा कर दी जाती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते। ग्रामीणों ने बताया कि अब स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि गुलदार गांवों में घुसकर भी हमला कर रहा है, जिससे लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को उजागर किया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द प्रभावी कार्रवाई और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।








