–
बागेश्वर। बिचला दानपुर क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने प्रदेश सरकार और संबंधित विभागों की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर केंद्र और प्रदेश सरकार सड़क सुधार एवं सुधारीकरण के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत क्षेत्र की कई सड़कें आज भी बदहाल स्थिति में हैं।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने कहा कि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि कार्य की निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बावजूद कई मोटर मार्गों पर अब तक डामरीकरण का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने विशेष रूप से खडलेख-भनार मोटर मार्ग का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 11 करोड़ रुपये की लागत वाले दोनों पैकेज आज भी अधूरे कार्य और लापरवाही की मिसाल बने हुए हैं। ऐठानी ने कहा कि बरसात के मौसम में क्षेत्रीय जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम लोगों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया है, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब करोड़ों रुपये स्वीकृत हो चुके हैं, तो आखिर सड़क निर्माण कार्य समय पर क्यों पूरा नहीं हो पा रहा है। यह स्थिति विकास के नाम पर केवल घोषणाओं की राजनीति को दर्शाती है और जनता के साथ छलावे जैसी प्रतीत होती है।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि बिचला दानपुर क्षेत्र की अधूरी और उपेक्षित सड़कों को लेकर जल्द ही जनता के बीच व्यापक रूप से आवाज उठाई जाएगी तथा जिम्मेदार अधिकारियों और सरकार से जवाब मांगा जाएगा।








