logo

भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक योजनाओं और संगठन की विचारधारा पहुंचाने का दिया गया संदेश,पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को दी श्रद्धांजलि

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण अभियान के द्वितीय दिवस विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया, मीडिया प्रबंधन, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विचार परिवार से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रथम सत्र में पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता हीरा सिंह कर्मियाल की अध्यक्षता में सोशल मीडिया और उसकी उपयोगिता विषय पर चर्चा की गई। मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश सह संयोजक सोशल मीडिया गंधार अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंपर्क और सूचना प्रसार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने बताया कि देश में करीब 65 करोड़ लोग सोशल मीडिया का उपयोग कर रहे हैं और औसतन प्रतिदिन ढाई घंटे लोग इस माध्यम पर सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। द्वितीय सत्र में वरिष्ठ कार्यकर्ता गोविंद सिंह टांगणिया की अध्यक्षता में मीडिया प्रबंधन विषय पर चर्चा हुई। मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा जिला सह प्रभारी बसंत जोशी ने प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मीडिया के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और सकारात्मक संवाद स्थापित करने की सलाह दी। तीसरे सत्र में सरकारों की गरीब कल्याण योजनाएं एवं क्रियान्वयन विषय पर चर्चा की गई, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ कार्यकर्ता मदन राम आगरी ने की। मुख्य वक्ता के रूप में राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। चतुर्थ सत्र की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल ने की। इस सत्र में राज्य मंत्री कैलाश पंत ने विचार परिवार विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की विचारधारा और मूल सिद्धांतों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रशिक्षण अभियान के समापन पर जिला अध्यक्ष ने दो दिवसीय कार्यक्रम में लगातार सहभागिता करने वाले सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और दायित्वधारियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान हाल ही में दिवंगत हुए पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को श्रद्धांजलि देते हुए सभी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया।
कार्यक्रम में विधायक पार्वती दास, विधायक सुरेश गढ़िया, जिला प्रभारी कुंदन लटवाल, राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलख्वाल, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्य, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, विक्रम सिंह शाही सहित पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share on whatsapp