बागेश्वर।
आकांक्षी विकासखंड कपकोट के पिंडर घाटी क्षेत्र स्थित तीख गांव में बीती रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। माँ आदिबद्री स्वायत्त सहकारी समिति के अंतर्गत संचालित हिमालयन रैनबो ट्राउट मत्स्य पालन केंद्र से अज्ञात चोर करीब 2 से 3 कुंतल महंगी ट्राउट मछलियां चुरा ले गए। इस घटना से समिति को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही थाना कपकोट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कुछ बाहरी व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियां सामने आई हैं, जिनका पुलिस सत्यापन नहीं पाया गया है।
ग्रामीणों और पूर्व ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू ने बताया कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में बाहरी फेरीवालों और कबाड़ियों की आवाजाही बढ़ गई है। उनका आरोप है कि ये लोग दिन में गांवों की रेकी करते हैं और रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कई बाहरी लोगों का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं हुआ है। हाल ही में बदियाकोट क्षेत्र में दो फेरीवालों का सत्यापन जांचने पर उनका पुलिस वेरिफिकेशन वर्ष 2021 में समाप्त पाया गया, इसके बावजूद वे लगातार गांवों में सक्रिय हैं। इसके अलावा ग्रामीणों ने चिंता जताई कि बाहरी लोग खाली पड़े मकानों और दुकानों को ऊंचे किराए का लालच देकर ले रहे हैं, जिससे क्षेत्र की सामाजिक संरचना प्रभावित हो सकती है। पूर्व प्रमुख गोविंद सिंह दानू ने त्रिस्तरीय पंचायत जनप्रतिनिधियों प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्यों से अपील की है कि बिना पुलिस सत्यापन के किसी भी बाहरी व्यक्ति को गांव में न ठहराया जाए। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल आर्थिक नुकसान नहीं, बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।








