logo

कपकोट में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, व्यापारियों और अग्निशमन टीम की तत्परता से टला बड़ा हादसा

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। कपकोट के भराड़ी मल्ली बाजार में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक वस्त्र भंडार की तीसरी मंजिल में अचानक आग लग गई। आग लगने की वजह प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। राहत की बात यह रही कि स्थानीय व्यापारियों और अग्निशमन विभाग की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, भराड़ी मल्ली बाजार स्थित हुकुम सिंह दानू वस्त्र भंडार की तीसरी मंजिल में लगे सोलर लाइट प्लांट में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पास के कमरे को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखे गद्दे, कंबल और रजाइयां जलकर राख हो गईं।
आग की लपटें उठती देख बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय व्यापारियों ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। स्थानीय लोगों और व्यापारियों के सहयोग से आसपास की दुकानों और भवनों तक आग फैलने से रोक लिया गया, जिससे संभावित बड़े नुकसान से बचाव हो सका। आग बुझाने में राजेश मेहता, नैन सिंह कोरंगा, प्रेम पुरी, जोद सिंह दानू और सुनील वर्मा सहित कई लोगों ने अहम भूमिका निभाई। समय रहते आग पर काबू पा लेने से क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट से जुड़ी घटना माना जा रहा है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  युवा खेल महोत्सव और संवाद कार्यक्रमों से युवाओं को जोड़ेगा भाजयुमो, हर बूथ पर तैयार होंगे 20 युवा कार्यकर्ता
Ad
Share on whatsapp