रक्त की कमी के बीच सोशल मीडिया अपील पर आगे आए रक्तदाता, रेड क्रॉस ने की अधिक रक्तदान की अपील
बागेश्वर। मानवता की पीड़ा को कम करने के उद्देश्य से गुलर निवासी प्रेमा देवी को तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ने पर भारतीय रेड क्रॉस समिति बागेश्वर द्वारा सहायता अभियान चलाया गया। समय की कमी को देखते हुए समिति के जिला कार्यकारिणी सदस्य महेश सिंह गढ़िया ने सोशल मीडिया के माध्यम से रक्तदान हेतु अपील की। अपील के बाद बागेश्वर पुलिस के सम्मानित पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के लिए रक्तदान किया और मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त भारतीय रेड क्रॉस समिति बागेश्वर के सदस्य विजेंद्र पांडे ने भी रक्तदान कर पीड़िता की सहायता की। बताया गया कि अजय शाह पूर्व में भी कई बार रक्तदान कर जरूरतमंदों की जान बचा चुके हैं।
भारतीय रेड क्रॉस समिति बागेश्वर ने दोनों रक्तदाताओं के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना करते हुए उनके इस सेवा भाव की सराहना की। समिति के जनपद सचिव आलोक पांडे ने बताया कि वर्तमान में रक्तकोष में ओ पॉजिटिव एवं बी पॉजिटिव रक्त की कमी बनी हुई है। उन्होंने जनपद के सभी रक्तदाताओं से रक्तकोष पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान करने का आह्वान किया। रक्तदान प्रक्रिया नर्सिंग अधिकारी योगेश धर्मसक्तु द्वारा संपन्न कराई गई। इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस समिति बागेश्वर के कोषाध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, जनपद सचिव आलोक पांडे,कोतवाल बागेश्वर अनिल उपाध्याय,वेद प्रकाश पांडे, अशोक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।








